बिहार में कभी जंगलराज और माफियावाद था, अब विकास की रफ्तार — सीएम योगी


पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रचार अभियान को पूरी ताकत से शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बिहार पहुंचे।
सीएम योगी ने पटना के दानापुर विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। संबोधन से पहले उन्होंने भाजपा उम्मीदवार रामकृपाल यादव के समर्थन में वोट डालने की अपील की।
यूपी-बिहार का अटूट संबंध
योगी आदित्यनाथ ने रैली में बिहार की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा, "बिहार लोकतंत्र की जननी है। यह भगवान बुद्ध की ज्ञान भूमि और महान गणितज्ञ आर्यभट्ट की जन्मभूमि है।" उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार के संबंधों को बताते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश और बिहार का अटूट संबंध है, यह सिर्फ राजनीति का नहीं, संस्कृति और भावनाओं का रिश्ता है।"
आरजेडी पर तीखा हमला, नीतीश सरकार की तारीफ
सीएम योगी ने विपक्षी दलों, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "1990 से 2005 तक जब आरजेडी की सरकार थी तब बिहार विकास की दौड़ में काफी पीछे रह गया। कानून-व्यवस्था चरमरा गई थी, युवा पलायन कर रहे थे, और उद्योग-धंधे ठप पड़ गए थे।"
उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा, "बीते 20 वर्षों में बिहार ने विकास की नई इबारत लिखी है। सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। यही कारण है कि भाजपा और जेडीयू का गठबंधन आज बिहार की पहली पसंद बन चुका है।"
'जंगलराज से मुक्ति मिली'
सीएम योगी ने दानापुर में आयोजित चुनावी रैली में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार अब जंगलराज से मुक्त हो चुका है, यह किसी के बाप की बपौती नहीं है। उन्होंने कहा कि एनडीए ने राज्य को अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता से बाहर निकाला है। उन्होंने यह भी कहा कि आज अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है और बिहार में मां जानकी मंदिर का निर्माण हो रहा है।
चुनावी जोर और दिग्गजों की मौजूदगी
दानापुर में योगी आदित्यनाथ की रैली को रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। योगी की लोकप्रियता और उनकी सख्त प्रशासक की छवि रामकृपाल यादव के लिए वोट जुटाने में मदद करेगी।
सीएम योगी की रैली के साथ-साथ भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के नामांकन भी हुए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। वहीं बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने तारापुर से अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा, योगी की दूसरी रैली सहरसा में हुई, जहां उन्होंने भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन झा के समर्थन में जनसभा की।
विकास बनाम विघटन की लड़ाई
रैली के अंत में योगी आदित्यनाथ ने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, "यह चुनाव सिर्फ एक सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य का सवाल है। एक तरफ विकास की राजनीति है, दूसरी तरफ वंशवाद और विघटन की। बिहार की जनता इस बार भी सही निर्णय लेगी, यही हमारा विश्वास है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी जैसे दल पारदर्शी चुनाव नहीं चाहते, इसीलिए ईवीएम का विरोध करते हैं, क्योंकि उन्हें हार तय लग रही है।