नवरात्र 2025: कर्णप्रयाग के उमा देवी मंदिर में विराजमान शिव परिवार, दर्शन से मिलते हैं अनमोल फल

Uttarakhand News: उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में स्थित उमा देवी मंदिर न सिर्फ धार्मिक बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। 18वीं सदी में स्थापित इस मंदिर में 12वीं-13वीं सदी की कई मूर्तियां संजोई गई हैं। मंदिर की विशेषता यह है कि यहां उमा देवी और भगवान शिव का परिवार एक साथ विराजमान है। मान्यता है कि इन प्रतिमाओं के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं को जीवन में फलदायी अनुभव प्राप्त होते हैं।
मां उमा का शिव को प्रसन्न करने वाला तप
नागर शैली में निर्मित उमा-शिव परिवार की प्रतिमा
संगम के उत्तरी भाग में स्थित इस मंदिर का उर्ध्वखंड वंदीबंद और कपोलपट्टीयुक्त तीरथ रेखा नागर शैली में निर्मित है। गर्भगृह में संगीभूत मुद्रा में स्थित द्विभुजी उमा की प्रतिमा अध: परिधान में सुसज्जित है और दोनों ओर जय और विजय अंकित हैं। इसी शैली के आधार पर यह प्रतिमा 13वीं सदी की मानी जाती है। इसके अलावा गर्भगृह में दुर्गा, सूर्य, गणेश, कार्तिकेय, कर्ण, त्रिशूलधारी शिव, भैरव और नंदी की प्रस्तर प्रतिमाएं भी हैं।
सांकरी तोक में अवतरित हुईं मां उमा
कर्णप्रयाग के सांकरी तोक में मां उमा के अवतरण की कथा प्रसिद्ध है। डिम्मर गांव के एक वृद्ध को स्वप्न में देवी ने दर्शन देकर डोली पदयात्रा का वचन दिया। इसके बाद से हर 12 वर्ष में देवी पैदल यात्रा पर निकलती हैं, जिसमें डिमरी समुदाय, मैती और कपीरीवासी ससुराली की जिम्मेदारी निभाई जाती है। यह यात्रा श्रद्धालुओं को देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का विशेष अवसर प्रदान करती है।
श्रद्धालुओं के लिए फलदायी दर्शन
कर्णप्रयाग स्थित उमा देवी मंदिर वर्षभर खुला रहता है। ज्येष्ठ माह में देवी को भोग लगाने की रस्म होती है। विशेषकर नवरात्र के समय मंदिर में विशेष पूजा होती है, और दूर-दूर से लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के पुजारी नरेश पुजारी के अनुसार, मां उमा और शिव परिवार की प्रतिमा के दर्शन से मन को शांति और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है।
मां उमा की कृपा से मिलती है मानसिक शांति
स्थानीय निवासी कमलेश बिष्ट के अनुसार, कर्णप्रयाग के उमा देवी मंदिर में श्रद्धा भाव से मां के दरबार में जो भी फरियाद करता है, उसकी झोली खाली नहीं रहती। मंदिर का अध्यात्मिक महत्व इतना है कि लोग दूर-दूर से यहां आते हैं और माता के दर्शन से जीवन में सकारात्मक अनुभव प्राप्त करते हैं।