मुजफ्फरनगर: कलेक्ट्रेट पर 'आप' का जोरदार प्रदर्शन, 'सिलेंडर गायब-नरेंद्र गायब' के नारों से गूँजा परिसर
मुजफ्फरनगर। देशभर में रसोई गैस की भारी किल्लत और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर जिला कलेक्ट्रेट पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "सिलेंडर गायब, नरेंद्र गायब" के तीखे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
विदेश नीति पर उठाए सवाल
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय युद्धों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है, तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश की जनता एक बार फिर गैस के लिए लंबी लाइनों में लगने को मजबूर है।
रोजगार पर मंडराया संकट
पार्टी के जिला महासचिव अजय चौधरी ने गैस संकट के आर्थिक पहलुओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका सीधा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। गैस की सप्लाई प्रभावित होने से कई छोटे उद्योग बंद होने की कगार पर हैं, जिससे बेरोजगारी का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है।
'आप' की सरकार से प्रमुख मांगें:
-
घरेलू एलपीजी गैस के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
-
पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी नीति बनाई जाए।
-
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान की जाए।
-
महंगाई पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह ठोस नीति घोषित करे।
जन आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के अंत में पार्टी नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही गैस संकट और महंगाई का समाधान नहीं निकाला, तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी और देशव्यापी जन आंदोलन तेज करेगी। इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर, अनुराग अहलावत, संजीव मान, मनोज कुमार, शिवा सिंघल, सुशील अहलावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां