मुज़फ्फरनगर में नई मंडी थाने में 'मिशन शक्ति 5.0' का आगाज़, मीनाक्षी ने कहा- महिलाओं को मिला सुरक्षित वातावरण
.jpg)
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस स्टेशन में रविवार को भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान 'मिशन शक्ति 5.0' का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनके सम्मान एवं सुरक्षा पर ज़ोर देना था।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर मीनाक्षी स्वरूप का फोकस
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के जीवन को सुरक्षित, स्वावलंबी, सशक्त और सम्मानजनक बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि समाज तभी सशक्त हो सकता है जब महिलाओं को भयमुक्त वातावरण, बराबरी का दर्जा और आत्मनिर्भरता का अवसर मिले।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकारों में महिलाओं और बेटियों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण मिला है। उन्होंने युवाओं और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि वे इस मिशन को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, क्योंकि महिला सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
पुलिस और व्यापारिक संगठनों ने दिया सुरक्षा का भरोसा
सीओ न्यू मंडी राजू कुमार शाव ने कहा कि पुलिस प्रशासन महिला सुरक्षा के लिए निरंतर सतर्क है और मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ठोस कार्य योजनाएं बनाई गई हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा ने भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।
व्यापारी नेताओं कृष्ण गोपाल मित्तल और सुनील तायल ने आश्वासन दिया कि व्यापारी समाज भी इस अभियान में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा। युवा भाजपा नेता विकल्प जैन और आशुतोष गुप्ता ने भी युवाओं से इस मिशन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान व सुरक्षा की शपथ के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि समाज में बेटियों और बहनों की गरिमा और सुरक्षा सर्वाेपरि होगी। इस दौरान सीओ राजू कुमार शाव, इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा, व्यापारी नेता शलभ गुप्ता समेत महिला पुलिस अधिकारी और कई गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।