मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 अभियान: मीनाक्षी स्वरूप बोलीं- आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त समाज की नींव
मुजफ्फरनगर। महिला सशक्तिकरण, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और मुख्य वक्ता एसपी क्राइम इंदू सिद्धार्थ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने स्वागत गान और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
सरकारें महिलाओं की प्रगति का आधार
मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, "महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज की प्रगति का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।" उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, जिसके लिए केवल आत्मविश्वास और जागरूकता की जरूरत है।
पालिकाध्यक्ष ने छात्राओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, और मुख्यमंत्री विवाह योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

साइबर सुरक्षा पर एसपी क्राइम ने किया जागरूक
मुख्य वक्ता और मिशन शक्ति 5.0 अभियान की नोडल अधिकारी एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए छात्राओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करना चाहिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करने की सलाह दी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में एक सुरक्षित माहौल बनाना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया सशक्त संदेश
कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नाट्य प्रस्तुतियाँ और नृत्य प्रदर्शन कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिकाओं ने महिला शिक्षा, सुरक्षा और समानता का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर महिला पुलिस कर्मियों, शिक्षिकाओं और छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण की शपथ दिलाई और मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
इस आयोजन में कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुमित्रा सिंह, सभासद कुसुमलता पाल, बबीता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सहित शिक्षिकाएँ और छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, जागरूकता और आत्मविश्वास का वातावरण देखने को मिला, जिसने मिशन शक्ति के मूल उद्देश्य सशक्त नारी, सशक्त समाज को साकार रूप दिया।
