शामली में होली पूर्व होलिका पूजन 2026 का उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण आयोजन
शामली। जिले में सोमवार को होली पूर्व होलिका पूजन का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शहर के मुख्य मार्गों, चौपालों और गली-मोहल्लों में स्थापित होलिकाओं पर सुबह से ही महिलाओं और बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा, जबकि देर शाम ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच होलिका दहन किया गया।
सुबह करीब सात बजे से ही विभिन्न मोहल्लों बड़ीआल, माजरा रोड, गौशाला रोड, राजो मोहल्ला, नंदूप्रसाद, नया बाजार, वीवी इंटर कॉलेज रोड, विवेक विहार, पंसारियान नई बस्ती, चौधरी चरण सिंह कॉलोनी, टीचर्स कॉलोनी, रेलपार, रेलवे कॉलोनी, ज्वालागंज मंडी, मुरारीवाला कुआं, नाला पटरी, आर्यपुरी का नुक्कड़, दयानंद नगर, बुढ़ाना रोड स्थित बलभद्र मंदिर क्षेत्र, गगन विहार, शिवगंज मंडी, मार्शगंज मंडी, काकानगर, बरखंडी, गुजरातीयान, कमला कॉलोनी, रेलवे रोड आदि स्थानों पर होलिका स्थापित की गई, जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर आटा, गुड़, बेर, फूल और मिठाई अर्पित कर होलिका की परिक्रमा की तथा परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
ये भी पढ़ें शामली पुलिस का कांधला और कैराना में फ्लैग मार्च, एसपी ने जनता से की शांतिपूर्ण होली मनाने की अपीलबच्चों ने गोला, नारियल, मखाने और बेर से बने हार पहनकर ‘बड़कुलों’ की मालाएं होलिका को समर्पित कीं। घर-घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गृह देवता, ग्राम देवता तथा देवी-देवताओं का पूजन भी किया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों हनुमान धाम मंदिर, शिव चौक मंदिर, श्री बलभद्र मंदिर, श्री सत्यनारायण मंदिर, माता वैष्णो देवी मंदिर-भैरव मंदिर, भोलेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों ने भगवान शिव, हनुमान, मां दुर्गा एवं लक्ष्मी-नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया। शाम करीब आठ बजे युवाओं की टोलियां ढोल-नगाड़ों की थाप पर होलिका दहन स्थलों की ओर निकलीं। उत्साह से भरे युवाओं ने जमकर नृत्य किया और होली है के जयघोष के बीच विधि-विधान से अग्नि प्रज्वलित कर होलिका दहन किया। इस दौरान कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा। होलिका स्थलों के आसपास पुलिस की निगरानी बनी रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां