मेरठ में सोशल मीडिया अकाउंट बेचने के नाम पर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के जरिए बिछाता था जाल
मेरठ। जिले की थाना भावनपुर पुलिस और जनपदीय साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को इंस्टाग्राम आईडी और यूट्यूब चैनल बेचने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
प्रतिबिंब पोर्टल की मदद से पकड़ा गया अपराधी
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (i4c) के तहत संचालित 'प्रतिबिंब पोर्टल' पर लंबित शिकायतों की जांच की जा रही थी। इस दौरान ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई (IMEI) नंबर की ट्रेसिंग से पता चला कि अपराधी थाना भावनपुर क्षेत्र में सक्रिय है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम स्याल निवासी ऋषभ खारी पुत्र रोहित खारी को धर दबोचा।
ठगी का तरीका: स्टेटस लगाकर फंसाता था शिकार
ये भी पढ़ें बिजनौर: कमिश्नर आनंजय कुमार ने ग्राम चौपाल में परखी विकास कार्यों की हकीकत, खाली रजिस्टर देख बिफरे पूछताछ के दौरान आरोपी ऋषभ ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से इस अवैध धंधे में शामिल था। वह अपने स्टेटस पर इंस्टाग्राम आईडी और यूट्यूब चैनल बेचने का विज्ञापन लगाता था। जब लोग उससे संपर्क करते, तो वह अलग-अलग रेट बताकर उनसे क्यूआर कोड के माध्यम से अपने 'एयरटेल पेमेंट बैंक' के खाते में पैसे मंगवा लेता था। भुगतान प्राप्त होते ही वह संबंधित व्यक्ति का नंबर ब्लॉक कर देता था।
फर्जी पहचान का करता था इस्तेमाल
आरोपी खुद को 'राम बुंदेला' या 'विक्रान्त सिंह' बताकर लोगों को गुमराह करता था। उसने पुलिस को बताया कि उसे 'पिनट्रेस्ट' (Pinterest) वेबसाइट से राम बुंदेला नामक व्यक्ति का आधार कार्ड और पैन कार्ड मिला था, जिसे डाउनलोड कर वह अपनी फर्जी पहचान के रूप में इस्तेमाल कर रहा था। अब तक वह करीब 25 से 30 लोगों से 3 से 4 लाख रुपये की ठगी कर चुका है।
बरामदगी और पुलिस टीम
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन 14, घटना में प्रयुक्त सिम कार्ड और फर्जी आधार व पैन कार्ड बरामद किए हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक संजय पाण्डेय और थानाध्यक्ष भावनपुर जोगेन्द्र सिंह मय टीम शामिल रहे। आरोपी के विरुद्ध गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों (प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर, मैनपुरी) में एनसीआरपी (NCRP) की छह शिकायतें पहले से ही लंबित हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां