मेरठ में 'मिशन शक्ति' का शंखनाद: खेतों से लेकर कॉलेजों तक महिलाओं को किया जागरूक
मेरठ। मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के तहत मेरठ में व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए महिलाओं व बालिकाओं को हेल्पलाइन व सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मेरठ के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी एवं महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, मंदिरों, बाजारों, अस्पतालों एवं गांवों में चौपाल लगाकर बालिकाओं, छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक किया गया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी शिकायतों के निस्तारण हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1098, 181, 1076, 1930, 102 एवं 108 की जानकारी दी गई तथा महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बैंकिंग करेस्पॉन्डेंट सखी आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्राओं को गुड टच एवं बैड टच के विषय में जागरूक करते हुए थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के संचालन की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान गांव बहरानपुर थाना खरखौदा क्षेत्र में खेतों में कार्य हेतु जा रही महिलाओं को एंटी रोमियो टीम द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। थाना हस्तिनापुर, थाना कोतवाली मेरठ, थाना सिविल लाइन, थाना पल्लवपुरम एवं थाना मुंडाली सहित अन्य थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर महिलाओं, बालिकाओं एवं बालकों को मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर अपराध से बचाव, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, नए कानूनों एवं साइबर फ्रॉड के संबंध में जानकारी दी गई। विशेष रूप से साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ लैंगिक उत्पीड़न, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट एवं साइबर अपराध से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया गया तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं जैसे सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन के संबंध में जानकारी दी गई।
