मेरठ में तरावीह के बाद लड्डू बांटने को लेकर मस्जिद में भिड़े नमाजी, जमकर चले बेल्ट और लात-घूंसे, वीडियो वायरल
लोहियानगर के चमड़ा पैठ इलाके की घटना; मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मेरठ। जनपद के थाना लोहियानगर क्षेत्र के अंतर्गत हापुड़ रोड स्थित एक मस्जिद में सोमवार रात तरावीह की नमाज के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद की जड़ तरावीह में कुरान शरीफ मुकम्मल होने की खुशी में लड्डू बांटने जैसी छोटी सी बात रही। देखते ही देखते मस्जिद परिसर जंग का मैदान बन गया, जहां नमाजियों ने एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर बेल्टों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नमाज के बाद लड्डू बांटने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बहस इतनी बढ़ी कि कुछ युवकों ने एक नमाजी के साथ हाथापाई कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने मस्जिद के भीतर ही कानून हाथ में लेते हुए विपक्षियों को जमीन पर पटक लिया और बेल्ट का इस्तेमाल किया। इस दौरान मस्जिद में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद एक मासूम बच्चा डर के मारे चीखता-चिल्लाता रहा, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हिंसक वीडियो
मस्जिद परिसर में हुई इस मारपीट को वहां मौजूद एक शख्स ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नमाज के बाद पवित्र स्थल की मर्यादा भूलकर लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ बड़े-बुजुर्गों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित युवक किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। घटना की जानकारी मिलते ही लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
थाना प्रभारी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि शुरुआत में यह मामला संज्ञान में नहीं आया था, लेकिन अब घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो प्राप्त हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थल के भीतर शांति व्यवस्था भंग करने और हिंसा करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां