मुरादाबाद में होली से पहले बाजारों में रौनक, खरीदारी को उमड़ी भीड़
मुरादाबाद। होली के त्योहार से पहले शहर के बाजार पूरी तरह गुलजार हो गए हैं। ताड़ीखाना, गंज बाजार और कटरा नाज जैसे प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल बनी हुई है, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।
दुकानों पर सजी रंग-बिरंगी पिचकारियां, आकर्षक गुलाल, पानी के गुब्बारे और विभिन्न डिजाइन के मुखौटे लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। खासकर बच्चों और युवाओं में होली को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे नई-नई डिजाइन की पिचकारियां और रंग-बिरंगे चश्मे खरीदने में व्यस्त हैं, जबकि युवा अपने दोस्तों के साथ होली खेलने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कटरा नाज की दुकानदार गरिमा जैन ने बताया कि इस बार ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बाजार में नए-नए आइटम उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक पिचकारी 845 रुपये, डांस पिचकारी 185 रुपये, शावर पिचकारी 165 रुपये, म्यूजिक पिचकारी 245 रुपये, चॉपर पिचकारी 280 रुपये और स्काई शॉट्स पिचकारी 400 रुपये में बेची जा रही हैं, जिनकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
इसके अलावा बाजार में 25 किलो का बड़ा कलर सिलेंडर भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत करीब 11 हजार रुपये है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। दुकानदारों के अनुसार, इस बार हर्बल रंगों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भले ही ये रंग सामान्य रंगों की तुलना में महंगे हैं, लेकिन लोग स्वास्थ्य और त्वचा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन्हें प्राथमिकता दे रहे हैं।
बाजार में विशेष रूप से पर्पल रंग की मांग अधिक देखी जा रही है। वहीं बच्चों के लिए खिलौनों जैसी दिखने वाली पिचकारियां, आकर्षक विग और रंगीन चश्मे उनकी पहली पसंद बने हुए हैं।
होली के नजदीक आते ही बाजारों की रौनक और भी बढ़ने की संभावना है, जिससे व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। शहर में हर ओर होली के रंग और उल्लास की झलक साफ दिखाई दे रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां