मुजफ्फरनगर प्रशासन पर बरसे किसान नेता ठाकुर पूरन सिंह, 14 मार्च को नसीरपुर में ‘सम्मान बचाओ महापंचायत’ का ऐलान
मुजफ्फरनगर। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक स्थानीय विवाद को राजनीतिक साजिश का रूप देकर उनके परिवार और संगठन की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। इस कथित उत्पीड़न के विरोध में उन्होंने आगामी 14 मार्च को थाना तितावी क्षेत्र के नसीरपुर गांव में ‘सम्मान बचाओ महापंचायत’ आयोजित करने की घोषणा की है।
मुजफ्फरनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि तितावी क्षेत्र में हुए विवाद के बाद पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनके बच्चों, भाई, भतीजे और यहां तक कि उनके ड्राइवर के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। उन्होंने विशेष रूप से धारा 307 लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से गलत है और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस उनके बच्चों की तस्वीरें इस तरह सार्वजनिक कर रही है जैसे वे कोई पेशेवर अपराधी हों, जबकि वास्तविकता यह है कि वह स्वयं अपने बच्चों को लेकर थाने पहुंचे थे। किसान नेता का दावा है कि विवाद के दौरान हमला उनके घर पर आकर किया गया था और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है। उन्होंने बताया कि संबंधित फुटेज उन्होंने पुलिस को भी सौंप दी है, लेकिन इसके बावजूद निष्पक्ष जांच के बजाय उनके परिवार को ही निशाना बनाया जा रहा है।
किसान नेता ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला और आवाज दबाने की कोशिश जारी रखी, तो किसान और मजदूर इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अब यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं बल्कि किसानों और मजदूरों के स्वाभिमान की बन चुकी है और उनका संगठन किसी भी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है।
उन्होंने बताया कि 14 मार्च को नसीरपुर गांव में होने वाली ‘सम्मान बचाओ महापंचायत’ ऐतिहासिक होगी। इस महापंचायत में विभिन्न जिलों से किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी किसानों और मजदूरों से अपील की कि वे सम्मान की इस लड़ाई में एकजुट होकर भाग लें।
मारपीट के मामले में दर्ज हुआ मुकदमा, तीन आरोपी गिरफ्तार
वहीं पुलिस के अनुसार चरथावल थाना क्षेत्र में कश्यप समाज के कुछ लोगों के साथ मारपीट की घटना के बाद मामला दर्ज किया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह सहित उनके पुत्र नंदू उर्फ विजय प्रताप, सागर सिंह, रवि पुत्र सुक्का, दीक्षित पुत्र प्रताप, विक्की पुत्र महकार सिंह तथा अनिकेत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नसीरपुर बिजलीघर के पास घेराबंदी कर तीन वांछित आरोपियों—नंदू उर्फ विजय प्रताप (पुत्र पूरन सिंह), रवि (पुत्र सुक्का) और अनिकेत—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संगठन अध्यक्ष का पुत्र और भाई भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, वहीं 14 मार्च को प्रस्तावित महापंचायत को लेकर इलाके में हलचल तेज हो गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां