कैराना में यमुना नदी के जलस्तर में कमी, खतरे का निशान अब भी पार, DM-SP ने किया मौके का निरीक्षण
बैराज से मंगलवार रात छोड़ा गया अधिकतम 1.80 लाख क्यूसेक पानी

कैराना। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के बाद उफान पर आई यमुना नदी अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि बैराज से डिस्चार्ज में कमी आने से यमुना के जलस्तर में 40 सेंटीमीटर की आंशिक गिरावट दर्ज की गई है।
स्थिति का जायजा लेने बुधवार को डीएम शामली अरविंद चौहान और एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन समेत अधिकारियों के साथ यमुना तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने मातहतों को लगातार गश्त और सतर्कता के निर्देश दिए।
हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा धीरे-धीरे कम हो रही है, जिससे क्षेत्र में जलस्तर घटने की भी उम्मीद है। बैराज से मंगलवार शाम पांच बजे 1,49,032 क्यूसेक, आठ बजे 1,71,346 क्यूसेक तथा रात्रि 1,80,688 क्यूसेक
पानी यमुना नदी में डिस्चार्ज किया गया था, जबकि बुधवार प्रातः सात बजे 1,63,994 क्यूसेक, आठ बजे 1,62,779 क्यूसेक तथा दस बजे व दोपहर एक बजे 1,58,552 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया। वहीं, ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन सुधांशु सिंह का कहना है कि यमुना के जलस्तर में 40 सेंटीमीटर की कमी आई है। हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े जाने वाला पानी भी धीरे-धीरे कम हो रहा है। यमुना का जलस्तर अभी और कम होने की संभावना है।
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !