पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ने के कारण शुक्रवार देर शाम उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले भी भगवंत मान मोहाली के निजी अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। भगवंत मान पिछले कई दिनों से पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर रहे थे।
बुधवार रात उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी। गुरुवार को उन्हें पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ गुरदासपुर जाना था, लेकिन वह नहीं गए। तब सुल्तानपुर लोधी में अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि भगवंत मान को ड्रिप लगी हुई है। इसके बाद मान के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे। शुक्रवार की शाम मान के आवास पर मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई थी, जिसे अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। इसके बाद भगवंत मान को देर रात फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। पिछले साल भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत खराब हो गई थी। 26 सितंबर 2024 को उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।