नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र में एक ज्वैलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर आई महिलाओं की समूह ने चोरी की एक ऐसी वारदात की, जिससे सर्राफा व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। महिलाएं लाखों रुपए कीमत के जेवरात लेकर चंपत हो गई है। घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेट फार्म पर वायरल हो रहा है। वहीं पीड़ित की शिकायत पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार जेवर कस्बा स्थित एक ज्वैलरी की दुकान पर महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने दुकानदार को बातों मे उलझाकर पलक झपकते ही करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गई। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं गुट बनाकर एक ज्वैलर्स की दुकान में आभूषण देख-परख रही है। इस बीच एक महिला दुकानदार को बातों में उलझाती है और गहने पसंद करने का नाटक करती है। फिर वहां से चली जाती है। इस दौरान ज्वैलरी शॉप में जो हुआ, उसकी भनक दुकानदार को तब लगी जब महिला वहां से जा चुकी थी। सीसीटीवी कैमरों में कैद ने बड़ी ही सफाई से लगभग 100 ग्राम सोने के गहने अपनी चादर व कपड़ों में छिपा लिया और बिना कीमत चुकाये वहां से निकल गई।
वहीं चोरी की खबर मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही। जिससे घटना को अंजाम देने वाली महिलाओं की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में लग रहा है कि महिला इस तरह की वारदातों में माहिर है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियां