मुरादाबाद में रास्ते से खींचकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश, बचाने आए परिजनों को भी पीटा
मझोला थाना क्षेत्र की घटना, मुख्य आरोपी समेत परिवार के 6 सदस्यों पर एफआईआर दर्ज
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद अंतर्गत मझोला थाना क्षेत्र में रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती को घर के बाहर से जबरन खींचकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने और शोर मचाने पर युवती के परिजनों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 6 मार्च की दोपहर करीब 2:45 बजे की है। युवती अपने काम से जा रही थी, तभी आरोपी शिवकुमार के घर के पास पहुँचते ही उसने युवती को रोक लिया। आरोप है कि शिवकुमार ने पहले उसे डराया-धमकाया और फिर बाजू पकड़कर जबरन अपने घर के भीतर खींचने लगा। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और बंद कमरे में दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर युवती ने बाहर आकर शोर मचाया। शोर सुनकर जब पीड़िता के परिजन मौके पर पहुंचे, तो मामला सुलझने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि शिवकुमार की मां, पिता दिग्विजय, भाई और चाचा-चाची ने मिलकर पीड़िता के परिवार पर हमला कर दिया। उन्हें न केवल पीटा गया, बल्कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया गया।
एक ही परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सीओ सिविल लाइंस, कुलदीप गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवकुमार, उसके पिता दिग्विजय, मां, भाई और चाचा-चाची के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्रीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी रोष है। पुलिस अब पीड़िता के बयान दर्ज कराने और आरोपियों की धरपकड़ की प्रक्रिया में जुट गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां