मुजफ्फरनगर में जीएसटी का बड़ा एक्शन: 'रूप फर्नीचर' पर छापेमारी, टैक्स चोरी के सुराग मिलने से व्यापारियों में हड़कंप
प्रकाश चौक पर जीएसटी विभाग की धमक, अभिलेखों की जांच से व्यापारियों में मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर। जनपद में कर चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत जीएसटी विभाग की प्रवर्तन शाखा ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने नगर के व्यस्ततम इलाके प्रकाश चौक स्थित 'रूप फर्नीचर' शोरूम पर औचक छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर प्रवर्तन के नेतृत्व में की गई, जिसमें सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, महावीर चौक और प्रकाश चौक के बीच स्थित इस प्रतिष्ठित फर्नीचर शोरूम के खिलाफ विभाग को लंबे समय से टैक्स चोरी की गोपनीय शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जीएसटी टीम ने अचानक शोरूम पर धावा बोल दिया। टीम ने मौके पर मौजूद बिक्री रजिस्टर, बिल बुक, स्टॉक रजिस्टर और पिछले जीएसटी रिटर्न से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर उनकी गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ही शोरूम में मौजूद भौतिक स्टॉक और कागजों में दर्ज बिलों के बीच बड़ा अंतर पाया गया है। इससे बड़े पैमाने पर कर अपवंचन (Tax Evasion) की आशंका जताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान शोरूम के मुख्य गेट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया। जांच टीम ने शोरूम संचालक राजीव जैन और प्रशांत जैन से भी घंटों पूछताछ की।
जीएसटी कमिश्नर सिद्धेश चंद्र दीक्षित ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त किए गए दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वास्तविक कर देयता और चोरी की गई राशि का सटीक आकलन हो पाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वित्तीय अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो नियमानुसार भारी जुर्माना और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जीएसटी विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के व्यापारिक गलियारों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां