मुजफ्फरनगर में बिंदल ग्रुप के दर्जनों ठिकानों पर छापेमारी 24 घंटे बाद भी जारी, 'शिवा वेड्स गौरी' की पर्ची लगाकर बराती बन पहुंचे अफसर

मुजफ्फरनगर: जनपद के औद्योगिक और व्यापारिक जगत में बुधवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रतिष्ठित बिंदल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज (Bindal Group of Industries) पर आयकर विभाग (Income Tax Department) ने अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी शुरू की। दिल्ली से पहुंची विशेष टीमों ने अत्यंत गोपनीयता बरतते हुए इस 'गोपनीय ऑपरेशन' को अंजाम दिया। दिलचस्प बात यह रही कि छापेमारी के लिए इस्तेमाल की गई गाड़ियों पर 'शिवा वेड्स गौरी' के स्टिकर लगे हुए थे, ताकि किसी को भी विभाग की कार्रवाई का शक न हो और अधिकारी बराती बनकर सीधे ठिकानों पर पहुंच सकें। बिंदल ग्रुप पर छापे की यह कार्यवाही 24 घंटे बाद समाचार लिखे जाने तक जारी है।
प्रमुख इकाइयाँ और आवास जांच के दायरे में
आयकर विभाग की यह कार्रवाई बिंदल ग्रुप की प्रमुख इकाइयों—बिंदल पेपर्स, टिहरी पेपर्स, शाकुम्भरी पेपर्स और बिंदल डुप्लेक्स पर एक साथ शुरू हुई। कार्रवाई का दायरा केवल फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गांधी कॉलोनी स्थित बिंदल परिवार के मुख्य आवास, मीका विहार, नई मंडी और पटेलनगर स्थित संबंधित ठिकानों को भी सील कर दिया गया। इस जांच की आंच पूर्व नगरपालिका चेयरमैन पंकज अग्रवाल और अंजू अग्रवाल के आवास तक भी पहुंची है। पंकज अग्रवाल और अंजू परिवार भी बिंदल ग्रुप में साझीदार है। बिंदल ग्रुप द्वारा नयी मंडी में परिवार की महिलाओं द्वारा चलाये जा रहे एनजीओ पर आयकर टीम जमी हुई है और वहां भी पड़ताल कर रही है।
चांगीपुर चीनी मिल पर 'कब्जा': गेट बंद, मोबाइल जब्त, पेराई चालू
कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुधवार सुबह लगभग दस बजे आयकर विभाग के अधिकारी आठ गाड़ियों के काफिले के साथ चांगीपुर चीनी मिल के गेट पर पहुंचे। टीम ने मिल में प्रवेश करते ही सबसे पहले प्रशासनिक भवन (Admin) और अकाउंट ऑफिस पर अपना कब्जा जमा लिया।
अधिकारियों ने तुरंत मिल के मुख्य गेट को अंदर से बंद करा दिया और किसी को भी बाहर न जाने देने के सख्त निर्देश दिए। टीम ने वहां मौजूद आईटी स्टाफ, अकाउंट स्टाफ सहित अन्य सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए, ताकि किसी भी प्रकार की सूचना बाहर न जा सके।
वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और अभिलेखों की गहनता से जांच हो रही है। हालांकि, मिल में पेराई सुचारू रूप से चल रही है और मिल यार्ड में किसानों के आने-जाने पर कोई रोक-टोक नहीं है।
पूर्व नपा चेयरमैन पंकज अग्रवाल और अंजू अग्रवाल के आवास पर भी छापा
आयकर विभाग की टीम ने मुजफ्फरनगर के पूर्व नगरपालिका चेयरमैन पंकज अग्रवाल और अंजू अग्रवाल के आवास पर भी छापे की कार्रवाई शुरू की।
अंजू अग्रवाल के जेठ शिव नारायण उर्फ मुन्नू बाबू के आवास पर भी टीम ने दस्तक दी। सूत्रों के अनुसार, स्वर्गीय मूलचंद सर्राफ के बेटे पंकज अग्रवाल, अंजू अग्रवाल के बेटे अभिषेक अग्रवाल और शिव नारायण का परिवार भी बिंदल परिवार के कारोबार से गहराई से जुड़ा हुआ है।
24 घंटे से जारी है जांच
बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई 24 घंटे बीत जाने के बाद भी लगातार जारी है। विभाग की टीमें कंप्यूटर डेटा, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड, जीएसटी और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। ठिकानों पर भारी पुलिस बल तैनात है और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है।
रॉयल बुलेटिन की ख़बरें सीधे अपने मोबाइल पर पाने के लिए रॉयल बुलेटिन के व्हाट्स एप चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va5FkeECBtx7j1Kk9T3Z को फॉलो करे और जुड़े हमारे फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, एक्स अकाउंट से और हर ताज़ी खबर पढ़ने के लिए https://royalbulletin.in/ को देखते रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां