कैराना में यमुना नदी का जलस्तर घटा, चेतावनी बिंदु से नीचे पहुंचा

कैराना (Kairana)। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण पिछले दिनों रौद्र रूप में आई यमुना नदी अब सामान्य होने लगी है। शुक्रवार को दोपहर बाद नदी का जलस्तर घटकर चेतावनी बिंदु से नीचे आ गया, जिससे तटवर्ती क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
दो दिन तक खतरे के निशान से ऊपर बहने के बाद बुधवार से जलस्तर में गिरावट शुरू हुई, जो शुक्रवार तक जारी रही। दोपहर दो बजे तक यमुना का जलस्तर घटकर 230.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि कैराना में चेतावनी बिंदु 231.00 मीटर और खतरे का निशान 231.50 मीटर निर्धारित है।
ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन सुधांशु सिंह के अनुसार, यमुना के जलस्तर में करीब 50 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है। वहीं, हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने की मात्रा भी लगातार घट रही है। गुरुवार शाम सात बजे 1.36 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि शुक्रवार दोपहर दो बजे यह घटकर 72,534 क्यूसेक रह गया। अधिकारियों का कहना है कि यमुना के जलस्तर में अभी और गिरावट आने की संभावना है।
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !