मुजफ्फरनगर के खतौली में गन्ना तौल कांटों की जांच, गन्ना किसानों के हितों की रक्षा को विभाग सख्त
त्रिवेणी शुगर मिल के तौल उपकरण मानकों के अनुरूप मिले
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गन्ना किसानों को तौल में किसी भी प्रकार की हानि न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को खतौली स्थित त्रिवेणी शुगर मिल पर बड़ी कार्रवाई की। विभाग के अधिकारियों ने मिल गेट पर स्थापित सभी तौल कांटों की गहनता से जांच पड़ताल की।
विधिक माप विज्ञान के उपनियंत्रक (कानपुर जोन) और गन्ना मिल नोडल अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में यह जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिल गेट पर लगे डिजिटल और अन्य कांटों की शुद्धता की जांच की गई। जांच के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी कांटे निर्धारित मानकों के अनुरूप काम कर रहे थे और किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
घटतौली बर्दाश्त नहीं होगी
निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी मुकेश कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों के हितों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को उनका पूरा हक मिलना चाहिए। मिल गेट और गन्ना क्रय केंद्रों पर यह जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। यदि कोई मिल या क्रय केंद्र घटतौली का दोषी पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस औचक निरीक्षण के दौरान मेरठ जोन की उपनियंत्रक श्रीमती स्वाती कौशिक, सहारनपुर मंडल के सहायक नियंत्रक पंचशील बौद्ध, खतौली की वरिष्ठ निरीक्षक श्रीमती कल्पना तोमर, मेरठ के वरिष्ठ निरीक्षक विमल कुमार, मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ निरीक्षक संजय कुमार के साथ-साथ मिल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गन्ना किसान भी उपस्थित रहे। विभाग द्वारा की गई इस कार्यवाही से गन्ना किसानों ने संतोष व्यक्त किया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
वरिष्ठ पत्रकार आरिफ सिद्दीकी पिछले 32 वर्षों से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार के एक अभिन्न स्तंभ हैं। मुज़फ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की ज़मीनी समस्याओं और विकास के मुद्दों पर उनकी पकड़ बेमिसाल है। तीन दशकों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारिता करियर में उन्होंने हमेशा सत्य और निष्पक्षता का मार्ग चुना है। विश्वसनीय रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय विषयों पर उनकी गहरी समझ उन्हें क्षेत्र के सबसे अनुभवी पत्रकारों की श्रेणी में खड़ा करती है। खतौली की खबरों के लिए उनसे 9897846483 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां