मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में चिकित्सक को धमकी देने वाला बदमाश सलाखों के पीछे पहुँचा
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के चर्चित चिकित्सक डॉ. सोनू कश्यप को जान से मारने की धमकी देने और षड्यंत्र रचने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के उपरांत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का दुस्साहस किया, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह दबोच लिया गया।
इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार देर रात पुलिस की टीम संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव मंदवाडा चौराहे पर आरोपी समीर उर्फ शहजाद को देखा गया। जैसे ही पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, समीर ने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई में आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, डॉ. सोनू कश्यप ने दो दिन पूर्व ही आरोपी समीर उर्फ शहजाद (निवासी मुहल्ला मंडी, बुढ़ाना) के खिलाफ हत्या की धमकी देने और षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में आरोप था कि 28 मई 2025 को एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में आरोपी समीर जेल गया था। जेल से छूटने के बाद से ही वह रंजिश रखते हुए चिकित्सक को लगातार धमकियां दे रहा था। इस संबंध में धमकी भरी ऑडियो कॉल भी वायरल हुई थी, जिससे इलाके के चिकित्सकों और आमजन में दहशत का माहौल था।
जन आक्रोश के बाद हरकत में आई पुलिस
आरोपी की धमकियों से आक्रोशित कश्यप समाज के लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, जिसे पूरा करते हुए पुलिस ने एनकाउंटर में उसे पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने इस षड्यंत्र में किन अन्य लोगों की मदद ली थी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द कुमार 'पीटीआई' वर्ष 2003 से निरंतर रॉयल बुलेटिन परिवार के एक मजबूत स्तंभ के रूप में सक्रिय हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से आप बुढ़ाना की ज़मीनी समस्याओं, स्थानीय राजनीति और सामाजिक घटनाक्रमों को पूरी निष्पक्षता के साथ जनता और प्रशासन के सामने रख रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर गहरी पकड़ और वर्षों का अटूट अनुभव आपको बुढ़ाना की पत्रकारिता का सबसे विश्वसनीय चेहरा बनाता है। क्षेत्र की खबरों, समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9412842664 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां