जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: शामली कलेक्ट्रेट में अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
शामली। जिले के नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हो गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जनगणना के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के लिए नियुक्त अधिकारियों को उनके दायित्वों और कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ से नामित अधिकारी शिव कुमार भारती और जनपद स्तर के मास्टर ट्रेनर सचिन विकल व रंजीत सिंह ने सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदारों और चार्ज अधिकारियों को गहन तकनीकी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इस बार जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित करने के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 07 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना का कार्य किया जाना तय हुआ है। इसके तुरंत बाद दूसरे चरण के रूप में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। मास्टर ट्रेनर्स ने मोबाइल ऐप और डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर विशेष जोर दिया ताकि डेटा संकलन में पारदर्शिता और सटीकता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और उनके प्रशिक्षण का कार्य समय से पूरा कर लें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, समस्त उप जिलाधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समय अवधि के भीतर बिना किसी त्रुटि के जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां