शामली में भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष हॉकी मैच आयोजित
शामली। भारतीय हॉकी खेल के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, शामली के मैदान में एक विशेष हॉकी मैच का आयोजन किया गया। यह आयोजन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित रहा।
इस रोमांचक मुकाबले में पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम और सेंट आर.सी. पब्लिक स्कूल की टीम आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसके बाद सेंट आर.सी. पब्लिक स्कूल की टीम ने 2–1 से जीत दर्ज की।
बालिका हॉकी मैच में ग्रीन हाउस ने जीत हासिल की
इसके अतिरिक्त, बालिकाओं के हॉकी मैच में जवाहर नवोदय विद्यालय की ब्लू हाउस और ग्रीन हाउस की टीमें भिड़ीं, जिसमें ग्रीन हाउस टीम विजेता रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरवीर मलिक (जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष) उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन की देखरेख जिला क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी त्यागी द्वारा की गई। आयोजन की व्यवस्था पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य महोदय और आशुतोष शर्मा, गुरमीत कौर, आकाश चौधरी, विकरांत राठी के नेतृत्व में की गई।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और उन्हें सच्ची खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल के प्रति अपने समर्पण और अनुशासन का परिचय दिया।
