मेरठ: सोशल मीडिया पर दोस्ती और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, जेल से छूटकर आरोपी दे रहा धमकी
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लखनऊ की रहने वाली एक युवती ने मेरठ के युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और अब जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी से अपनी जान को खतरा बताया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दास्तां
पीड़िता के अनुसार, उसकी दोस्ती मेरठ निवासी शारिब सैफी से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस मामले में थाना ब्रह्मपुरी में आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में गंभीर धाराओं (बीएनएस धारा 69, 351(2) आदि) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था।
जेल से बाहर आते ही शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
महिला का आरोप है कि जेल से बेल पर बाहर आने के बाद आरोपी शारिब और उसके परिजन लगातार उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उसे और उसके पैरवी करने वाले वकीलों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। महिला वर्तमान में थाना नौचंदी क्षेत्र में किराए पर रह रही है, जहां उसे घर खाली करने और मोहल्ले में बदनाम करने के लिए डराया जा रहा है।
एसएसपी कार्यालय में लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 फरवरी 2026 की सुबह जब वह एसएसपी ऑफिस अपनी बात रखने जा रही थी, तब रास्ते में आरोपी और उसके साथियों ने उसे घेर लिया, उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार अपमानित किया जा रहा है और मुस्लिम समाज के कुछ लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां