मुज़फ्फरनगर में परीक्षा केंद्र पर सीबीएसई बोर्ड की बड़ी लापरवाही: बैंक लॉकर में फंसे प्रश्नपत्र, 3 घंटे की देरी से शुरू हुआ पेपर
पब्लिक स्कूल में 332 छात्रों ने झेला मानसिक तनाव; ई-मेल से मंगाकर करानी पड़ी फोटोकॉपी
खतौली। जनपद के खतौली स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर शनिवार को सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान अभूतपूर्व अव्यवस्था और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। तकनीकी खामी के चलते बोर्ड के प्रश्नपत्र केनरा बैंक के लॉकर में ही 'लॉक' हो गए, जिसके परिणामस्वरुप निर्धारित समय सुबह 10 बजे के बजाय परीक्षा दोपहर 1 बजे शुरू हो सकी। इस घटना से न केवल छात्रों को भारी मानसिक तनाव झेलना पड़ा, बल्कि अभिभावकों में भी भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, न्यू सेंट मैरी, लाल दयाल और श्री राम पब्लिक स्कूल के कुल 332 परीक्षार्थी इस केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे थे। नियमानुसार प्रश्नपत्र केनरा बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखे गए थे। सुबह करीब 9:30 बजे जब विद्यालय प्रतिनिधि बैंक पहुंचे, तो तकनीकी खराबी के कारण लॉकर नहीं खुल सका। बैंक कर्मियों और स्कूल स्टाफ के घंटों प्रयासों के बाद भी जब सफलता नहीं मिली, तो इसकी सूचना तत्काल सीबीएसई बोर्ड मुख्यालय को दी गई।
बोर्ड के निर्देश पर आपातकालीन स्थिति में स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्रश्नपत्र भेजा गया। इसके बाद आनन-फानन में अन्य विद्यालयों से फोटोकॉपी मशीनें मंगवाई गईं और प्रिंटआउट निकालकर दोपहर 1 बजे छात्रों को प्रश्नपत्र बांटे गए। जो परीक्षा दोपहर 1:30 बजे समाप्त होनी थी, वह शाम 4 बजे संपन्न हुई। इस दौरान छात्र लगभग सात घंटे तक परीक्षा केंद्र के भीतर ही रहे।
ये भी पढ़ें अलीगढ़ में नगर आयुक्त ने पूर्व नगर आयुक्त के खिलाफ लिखाई एफआईआर, 18 करोड़ के जमीन घोटाले का है मामला अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन और बैंक की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। अभिभावक इंद्रेश कुमार का कहना है कि 10वीं कक्षा के बच्चों पर इस देरी से गहरा मानसिक दबाव पड़ा है। वहीं, स्कूल मैनेजर कुलदीप त्यागी ने पूरी घटना के लिए बैंक की तकनीकी लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को परीक्षा के लिए पूरा समय दिया गया और उनके खान-पान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। फिलहाल, शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन इस पूरे मामले की जांच में जुटा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां