यूपी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर को माइनर ब्रेन स्ट्रोक, मेदांता अस्पताल में भर्ती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल लखनऊ के गोमती नगर स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अचानक बिगड़ी तबीयत
मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मंत्री ओम प्रकाश राजभर को रविवार शाम करीब 4 बजे अचानक चक्कर आने और बातचीत में परेशानी होने के बाद इमरजेंसी में लाया गया। शुरुआती जांच में माइनर ब्रेन स्ट्रोक की पुष्टि हुई। इसके तुरंत बाद, न्यूरोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू कर दिया गया। मंत्री राजभर पहले से ही डायबिटीज की समस्या से भी जूझ रहे हैं।
एक्सपर्ट पैनल कर रहा इलाज
मंत्री ओम प्रकाश राजभर का इलाज न्यूरोलॉजी विभाग के डॉ. अनूप ठक्कर की निगरानी में चल रहा है। उन्हें अस्पताल के 10वें फ्लोर के प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी कंडीशन स्टेबल है, लेकिन उन्हें लगातार निगरानी में रखा जा रहा है। मेदांता लखनऊ ने उनके इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक पैनल गठित किया है।
मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए कहा कि ओम प्रकाश राजभर को चक्कर आने की शिकायत के कारण भर्ती किया गया है और उनकी सेहत में अब सुधार है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !